वाहन चेकिंग के दौरान तीन सवारी बैठाने पर रोकने और फिर चालान करने का जिक्र करने पर खुद को फौजी बताने वाला युवक थाने के दरोगा से भिड़ गया। युवक और दरोगा के बीच हाथापाई के बाद मौके पर मौजूद लोग अवाक रह गए। बाद में पुलिस युवक को थाने ले गई।
गुरुवार की शाम को कस्बा के वार्ड संख्या 11 नेहरूनगर के ब्लॉक तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने कस्बे की तरफ से तीन सवारी गुजरी बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार आगे बढ़ गए। एक पुलिसकर्मी ने बाइक को पीछे से पकड़ कर रोक लिया।
उसके बाद बाइक चला रहे युवक ने खुद को सेना का जवान बताते हुए धौंस दिखाते हुए पुलिसकर्मी से उलझ गया। यह देख एसआई रामअवध बीच- बचाव कर वाहन का कागज मांगे। कागज दिखाने की जगह युवक सिर्फ इस बात पर अड़ा रहा कि उसका वाहन पुलिसकर्मी ने पीछे से क्यों खींचा।
वह बार-बार खुद को सेना का जवान बता रहा था। एसआई ने युवक से सेना का परिचय पत्र मांगा तो नहीं दिखा पाया। वाहन कागज, ड्राइविंग लाइसेंस व परिचय पत्र नहीं दिखाया तो उसको रोक लिया। युवक जैसे ही वाहन को स्टार्ट करना चाहा एसआई ने उसकी बाइक की चाभी निकालने की कोशिश की। वैसे ही युवक ने एसआई से हाथापाई शुरु कर दी।
बाद पुलिसकर्मियों ने युवक से बहुत देर तक वाहन का चाभी मांगते रहे, लेकिन उसने चाभी नहीं दिया तो मजबूरन दो पुलिसकर्मी पैदल लेकर थाने ले गए। सीओ खड्डा नवीन कुमार नायक ने बताया कि मामला काफी गंभीर है। पुलिस के कार्य में अवरोध पैदा कर व दुर्व्यवहार की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसओ को निर्देश दिया गया है।