गोरखपुर यूनिवर्सिटी के अधिष्ठाता छात्र कल्याण और यूनाइटेड स्टेट्स इंडिया एजुकेशनल फाउंडेशन (यूएसआईईएफ) ने सोमवार को फुलब्राइट नेहरू फेलोशिप की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। गणित एवं सांख्यिकी विभाग में हुए इस एक दिवसीय कार्यशाला में छात्रों को अमेरिका में जाकर उच्च शिक्षा हासिल करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
फाउंडेशन की डॉ. गायत्री सिंघल और डॉ. रूपाली वर्मा ने फाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही फु लब्राइट नेहरू स्नातकोत्तर फेलोशिप, फु लब्राइट कलाम क्लाइमेट फेलोशिप के बारे में बताया। डॉ. गायत्री ने बताया कि चुनिंदा अमेरिकी महाविद्यालयों से परास्नातक करने की इच्छा रखने वाले छात्र फेलोशिप का लाभ उठज्ञ सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून है। फ ुलब्राइट नेहरू डॉक्टोरल रिसर्च फेलोशिप के बारे में डॉ. रूपाली ने बताया कि आवेदन करने वाले चुनिंदा छात्रों को अमेरिका भेजा जाता है। वहां छात्रों को शोधकार्य में सहायता दी जाती है तथा विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जातीं हैं। बदले में भारतीय छात्रों को अमेरिकी छात्रों को भारतीय भाषा पढ़ानी होती है। यह एक प्रकार से द्विपक्षीय सांस्कृतिक संबंध को प्रगाढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बताया कि फेलोशिप की अधिक जानकारी यूएसआईईएफ की आधिकारिक वेबसाइट www.usief.org.in और www.educationusa.state.gov पर प्राप्त की जा सकती है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण तथा विभागाध्यक्ष गणित एवं सांख्यिकी विभाग प्रो. सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रों के हित के लिए और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्तायुक्त शिक्षा सुविधाओं की जानकारी के लिए इस प्रकार की कार्यशालाओं का निरंतर आयोजन किया जाता रहेगा। कार्यक्रम में गणित विभाग के प्रो. विजय कुमार, प्रो. वीएस वर्मा सहित बड़ी संख्या में शोध छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे।