मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में आग से झुलसी महिला की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद महिला के घर वाले शव छोड़कर फरार हो गए। स्वास्थ्य कर्मियों को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महाराजगंज जिले के कोठीभार थानाक्षेत्र के गौरी बड़पुरवा निवासी धर्मेंद्र की पत्नी (30) मीरा 14 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थिति में आग से गंभीर रूप से झुलस गई थीं। घर वालों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में भर्ती कराया था, जहां शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। घर वालों को जैसे ही मीरा की मौत की सूचना मिली तो सभी बर्न वार्ड के बेड पर ही शव छोड़कर फरार हो गए। जब वार्ड के स्वास्थ्य कर्मियों को इसकी जानकारी हुई तो पहले तो उन्होंने घरवालों की तलाश की। दोपहर तक पता न चलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है और मामले की जांच में लगी है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर घरवालों की तलाश की गई। कोई वारिस न मिलने पर शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है और बेडहेड टिकट के माध्यम से घरवालों का पता लेकर महाराजगंज जिले के संबंधित थाने को सूचना दे दी गई है।
- संजय सिंह यादव, चौकी इंचार्ज, मेडिकल कॉलेज