मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल, फाजिल की वार्षिक परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो रही हैं, जो 8 मई तक चलेंगी। इसमें जिले से करीब 4604 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। जिले में मुंशी की परीक्षा में 962, मौलवी में 1098, कामिल में 1495, आलिम में 729 व फाजिल में 320 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में जिले के 53 मदरसे शामिल हो रहे हैं। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 8 से 11 बजे और द्वितीय पाली की दोपहर 2 से 5 बजे तक होगी। परीक्षा की तैयारी मुकम्मल हो चुकी है।
जिले में 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार मदरसा अंजुमन इस्लामिया खूनीपुर में 10 मदरसों के 1492, मदरसा दारुल उलूम हुसैनिया इमामबाड़ा दीवान बाजार में 11 मदरसों के 1178, मदरसा अनवारुल उलूम गोला बाजार में 8 मदरसों के 586, मदरसा अरबिया शमसुल उलूम सिकरीगंज में 5 मदरसों के 670, राम जतन यादव इंटरमीडिएट कॉलेज भटहट में 9 मदरसों के 345, मदरसा जियाउल उलूम पुराना गोरखपुर में 7 मदरसों के 185 व मदरसा अरबिया मिसबाहुल उलूम असौजी बाजार में 3 मदरसों के 148 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं प्रदेश में 735 केंद्रों पर 3.78 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे।
प्रशासन ने नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए कमर कस ली हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी धर्म देव त्रिपाठी ने कहा है कि अगर परीक्षा में नकल हुई तो केंद्र व्यवस्थापक को जिम्मेदार मानते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। डीआईओएस कार्यालय से एक सचल दस्ते का गठन किया गया है जो सभी केंद्रों की निगरानी करेगा। अन्य अधिकारी भी केंद्रों की जांच करने जाएंगे।