गोरखपुर यूनिवर्सिटी की वार्षिक परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षा की शुरुआत राष्ट्रगौरव विषय से हो रही है। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में यूनिवर्सिटी और उससे संबद्ध महाविद्यालयों के करीब एक लाख 85 हजार विद्यार्थियों के हिस्सा लेने की संभावना है। परीक्षा की तैयारियों को लेकर यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन में देर रात तक सरगर्मी बनी रही।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पहले दिन राष्ट्रगौरव की परीक्षा दो पालियों में आयोजित है। पहली पाली सुबह आठ से 10 बजे तक चलेगी जबकि दूसरी दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक आयोजित है। पहली पाली में स्नातक प्रथम वर्ष के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे जबकि द्वितीय पाली में स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष के परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी है। उन्होेंने बताया कि सभी विद्यार्थी अपना प्रश्नपत्र परीक्षा के बाद साथ ले जा सकेंगे जबकि उत्तर पुस्तिका यानी ओएमआर सीट परीक्षा केंद्र में जमा करनी होगी। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के लिए 404 परीक्षा केंद्रों बनाए गए हैं जबकि कॉपियों को इकट्ठा करने के लिए 13 नोडल सेंटरों का इंतजाम किया गया है।
परीक्षा केंद्रों के अध्यक्षों को परीक्षा समाप्त होने के बाद जल्द से जल्द अपनी कॉपियां नोडल सेंटर तक पहुंचानी होंगी। कॉपियों के पहुंचाने का समय अधिकतम रात आठ बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि गोरखपुर यूनिवर्सिटी केंद्र पर 4300 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यहां पहली पाली में केंद्राध्यक्ष की भूमिका में प्रो. सुशील तिवारी और दूसरी पाली में प्रो. ओपी पांडेय होंगे।