फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्साह व उमंग के बीच हुआ नए साल का अभिनंदन

Fri, 01 Jan 2016 02:29 AM IST
गोरखपुर। अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
हर बार की तरह इस बार भी शहर के  लोगों ने पूरे उत्साह और उमंग के बीच नये साल का अभिनंदन किया। दिन ढलने के साथ ही शहर गीत-संगीत की धुन पर थिरकने लगा। जैसे-जैसे घड़ी की सुईयां आगे बढ़ी, उत्साह व उमंग भी बढ़ता गया और नये साल के इंतजार की बेचैनी भी। जैसे ही यह सुईयां 12 पर पहुंची। शहर का शोर बढ़ गया। पटाखों की गूंज के बीच गर्मजोशी से लोगों ने नये साल का स्वागत किया।
विज्ञापन


हर ओर हैप्पी न्यू ईयर से बधाईयों की गूंज सुनाई देने लगी। जोश इस कदर चरम पर पहुंचा कि युवा टोलियों में सड़क पर बाइक रेस करते देखे गये। रेस्त्रां और क्लबों में खास तरह का उत्साह देखा गया। लोग परिवार के साथ पंसदीदा व्यंजन का लुत्फ उठाते दिखे। कई परिवारों ने टेलीविजन के रंगारंग कार्यक्रमों के बीच 2015 को अलविदा कहा और 2016 का स्वागत  किया।

नेटवर्क की जद्दोजहद के बीच फोन के जरिए नए साल की मुबारकबाद देने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद दिखी। हालांकि आयोजनों वाली जगहों पर पार्किंग मैनेज करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। उधर नए साल के स्वागत को लेकर बाजार में पूरे दिन हलचल रही। फूल के स्टॉल से लेकर कार्ड स्टोर तक दिन भर लोगों की भीड़ रही। युवाओं की सक्रियता ज्यादा थी। उपहार देने के साथ नव वर्ष की मुबारकवाद देने का सिलसिला भी देर रात तक चला।
विज्ञापन


गोरखपुर क्लब
नए वर्ष के स्वागत के लिए गोरखपुर क्लब में सजी महफिल इस बार कुछ खास रही। लखनऊ और चंडीगढ़ के डांस ट्रुप ने रंग तो जमाया ही लाईटिंग ने पार्टी को खास बना दिया। सजावट ही थी कि अंग्रेजी हुकूमत के समय बना गोरखपुर क्लब शहर के नए-नए भवनों पर भारी पड़ रहा था। खास रोशनी और संगीत के बीच शाम से ही क्लब परिसर में लोगों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया और जैसे-जैसे रात बढ़ी जश्न का जोश भी बढ़ता गया। रात आठ बजे शुरू हुआ जश्न आधी रात तक चलता रहा। एक तरफ धमाकेदार गानों की धुन पर जहां लोग डीजे फ्लोर पर झूमते नजर आए वहीं खाने के स्टॉलों पर भी खासी भीड़ रही। रात के 12 बजते ही पटाखों और हैप्पी न्यू ईयर की आवाज गूंज उठी। लोग गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए। पार्टी करीब साढ़े 12 बजे तक चली फिर डिनर के बाद लोग अपने घरों के लिए निकल गए।

गुलजार रहा गोलघर और इंदिरा बाल विहार
उपहार के माध्यम से अपनों को नव वर्ष की मंगलकामना देने के लिए गोलघर में फूल, ग्रीटिंग कार्डज व गिफ्ट की दुकानों पर सुबह से ही बढ़ी चहल-पहल देर रात तक बरकरार रही। युवाओं का ग्रुप आता, ठहरता और फिर शोर मचाता निकल जाता। इसी तरह इंदिरा बाल विहार की खाने-पीने की दुकानों पर भी देर रात तक रौनक बरकरार रही।

फूलों की खूब मांग रही
नव वर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए लोगों ने फूल और उपहार खूब पसंद किए। युवा वर्ग में खास क्रेज रहा। दोपहर से ही गोलघर पर बुके बनवाने के लिए भीड़ जुटने लगी। नव वर्ष को लेकर दुकानों पर पहले से भी बुके तैयार रखे गए थे।

मॉल के साथ सिनेमाघरों में रही भीड़
नए साल के स्वागत के लिए सिटी मॉल समेत सभी शापिंग कॉप्लेक्सों में काफी भीड़ रही। सिनेमा घरों और मल्टी प्लेक्सों के टिकट बुकिंग काउंटर पर भी लंबी लाइन दिखी। बहुत से लोगों ने नये वर्ष का स्वागत सिनेमा देखकर किया। इनमें युवाओं की तादाद ज्यादा रही।

दोपहर से ही जाम हो गया मोबाइल नेटवर्क
गोरखपुर। यूं तो मोबाइल फोन से बधाई का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया लेकिन दोपहर में तेजी आई तो सभी मोबाइल नेटवर्क जाम हो गए। या तो कॉल जा ही नहीं रही थी, या फिर क्रॉस कनेक्शन लग रहा था। मैसेज का हाल यह था कि कभी तो पहुंच ही नहीं रहा था तो कभी-कभी एक ही मैसेज कई बार पहुंच रहा था। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ऐसा बीटीएस पर अचानक बढ़े दबाव के कारण हुआ है। क्षमता से अधिक इस्तेमाल होने के कारण दिक्कत देर रात तक बनी रही।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें