कोचिंग में सात वर्ष की छात्रा से छेड़खानी
गोरखपुर। चौरीचौरा इलाके के एक गांव में कोचिंग पढ़ने गई सात वर्ष की एक छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक फूलचंद पर छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
इलाके की रहने वाली सात साल की बच्ची कक्षा एक में पढ़ती है। पुलिस के मुताबिक परिवार किराए के मकान पर रहता है और उसी मकान के एक कमरे में फूलचंद भी किराए पर कमरा लेकर कोचिंग चलाता है। शुक्रवार को बच्ची कोचिंग पढ़ने गई थी। इसी दौरान शिक्षक उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। बच्ची रोने लगी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां वहां पर पहुंच गई तो शिक्षक फरार हो गया। बच्ची ने मां को पूरी बात बताई। मां ने पति को घटना की जानकारी दी। पिता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। छेड़खानी व पॉस्को एक्ट के तहत शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्यवाई की जाएगी।