हवन पंडाल पर 11 हजार वोल्ट का तार टूटने से करंट दौड़ गया। जिसकी चपेट में आने से 28 से अधिक लोग घायल हो गए। पंडाल स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों में चीख पुकार से कुछ लोगों ने फोनकर लाइन ठप कराई। चार लोगों की हालत नाजुक है। जिसमें महिला को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। अन्य सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसा रविवार शाम करीब चार बजे हुआ। लालगंज थाना क्षेत्र के दुबौली खुर्द गांव में बेचन गुप्ता के यहां श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर हवन कार्यक्रम आयोजित था। ध्वज स्थापना के लिए हरा बांस उठाते समय 11 हजार वोल्टेज का तार फंसकर टूट गया। तार सीधे पंडाल के ऊपर गिरा। जिसका करंट पंडाल के पाइपों से नीचे उतर गया। परिवार वालों के समेत गांव और रिश्तेदार भी करंट की चपेट में आ गए। चारों तरफ अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई। शोर गुल पर गांव के लोग मदद में दौड़े। तत्काल विद्युत उपकेंद्र पर मोबाइल से फोनकर बिजली आपूर्ति ठप कराई। इस दौरान दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आनन फानन में आपसी मदद से सभी को प्रथामिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी लाया गया। पीएचसी पर डॉक्टरों की मौजूदगी नहीं थी। सिर्फ फार्मासिस्ट पीसी पांडेय ही थी। किसी तरह 10 का प्राथमिक इलाज किया। डाक्टरों के न रहने पर गांव वालों में नाराजगी बढ़ गई। तत्काल सभी घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। गुस्साए गांव वालों ने अनुपस्थित डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
हादसे की सूचना पर क्षेत्रीय विधायाक रवि सोनकर, एसडीएम सदर एसपी शुक्ल, सीएमओ डॉ. जेएलएम कुशवाहा जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों का हाल जाना। वहीं रविचंद पांडेय, रमेश अग्रहरि, और लालगंज पुलिस भी लेखपाल के साथ मौके पर पहुंची।
हवन कार्यक्रम में जुटी थी भारी भीड़
दुबौली गांव के बेचन गुप्ता पत्नी रीता के साथ श्रीमद् भागवत कथा सुन रहे थे। अंतिम दिन रविवार को हवन कार्यक्रम चल रहा था कि लगभग चार बजे शाम को ध्वज स्थापना के लिए बांस को उठाते समय तार में फंसने से 11 हजार वोल्ट का तार गिर गया। इस दौरान पंडाल में रहे लोग घायल हो गए। जिसमें माधुरी(27) पत्नी कालीदीन की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। माधुरी सात माह के गर्भ से है। अन्य घायलों सिवानी (19वर्ष), अंतिमा (16), महिमा (13), दुर्गावती (32), किरन (15), सुमन (17), हिमांशू (6), सृष्टि (4), शिवम (10), ममता (12), रंजन (19), अंकिता (12), मंसूर (14), नेहा (12), सोहरता (55), सस्वती (53), संगीता (30), गुडिया (13), प्रेमशीला (40), हुबराजी (65) का नाम शामिल है। जबकि रिश्तेदारों में कुलदीप (15), चंद्रावती (45), लक्ष्मीना (50), केवल (58), शारदा (45), ज्ञानमती (42), नीतू (15), मीना (18) सहित 28 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जिसमें चार की हालत अभी गंभीर है।