मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी
एमएमएमयूटी अपने पहले दीक्षांत समारोह की तैयारी जुट गया है। 11 सितंबर को प्रस्तावित इस दीक्षांत में मेधावियों के परिधान को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अंतिम फैसला ले लिया है। प्रदेश के अन्य यूनिवर्सिटियों की तरह यहां के मेधावी भी देशी परिधान में ही मेडल लेंगे। खास बात यह होगी कि टॉपर की पोशाक मालवीय जी से मिलती-जुलती होगी।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अपने पहले दीक्षांत समारोह से ही कुर्ता, टोपी और उत्तरीय को परिधान निर्धारित किया है। प्रबंध बोर्ड ने जो परिधान तय किया है वह ठीक वैसा ही है जैसा कि महामना मदन मोहन मालवीय धारण करते थे। समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के चेयरमैन प्रो. अनिल डी सहस्त्रबुद्धे होंगे, जबकि कुलाधिपति राम नाईक समारोह की अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बुलाने की तैयारी है, हालांकि उनका कार्यक्रम अभी अंतिम रूप नहीं ले सका है।
ऐसा होगा परिधान का स्वरूप
मदन मोहन मालवीय जी के कुर्ते के तरह कुर्ता, जो कि सामने से खुुलने वाला ढीला-ढाला लेसदार होगा। कुर्ते में कॉलर को छोड़ते हुए ऊपर से नीचे तक दोनों तरफ पट्टी, बाजू के अंत में दोनों हाथों पर चौड़ी पट्टी तथा कुर्ते के निचले हिस्से में चारों ओर चौड़ी पट्टी होगी। टोपी का रंग उत्तरीय के रंग का होगा। इसका आकार भी मालवीय जी की टोपी के समान होगा। कंधे पर रखा जाने वाला उत्तरीय दोहरे पर्त में होगा, जिसकी लंबाई आठ फीट और चौड़ाई पांच इंच होगी। इस पर यूनिवर्सिटी का लोगो अंकित होगा। उत्तरीय का रंग कुर्ते की पट्टी और टोपी की तरह ही होगा।
कोर्सवार परिधान का रंग
कोर्स कुर्ते का रंग उत्तरीय का रंग
बीटेक बादामी मैरून
एमटेक बादामी फिरोजी
पीएचडी बादामी सफेद
एमसीए बादामी स्लेटी
एमबीए बादामी नारंगी
कुलाधिपति गाढ़ा सुनहरा गाढ़ा लाल
कुलपति हल्का गुलाबी हरा
मुख्य अतिथि सिल्वर नीला
विशिष्ट अतिथि हल्का बैगनी गुलाबी
कुलसचिव हल्का नीला पीला
प्रबंध बोर्ड हल्का हरा गाढ़ा भूरा