पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अयूब व उनकी पत्नी सहित चार डिफाल्टर
संतोष सिंह
गोरखपुर। पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व खलीलाबाद से पूर्व विधायक डॉ. मोहम्मद अयूब और उनकी पत्नी शमीमुल सहित चार लोगों को पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) प्रबंधन ने डिफाल्टर घोषित कर दिया है। इसका ब्योरा बैंक की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। अब डिफाल्टरों को बैंक से किसी तरह का ऋण नहीं मिलेगा।
पीएनबी ने 25 लाख या उससे ज्यादा के बकायेदारों को डिफाल्टर घोषित किया है। इसमें अमान मेडिकल प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड बड़हलगंज गोरखपुर के डॉ. मोहम्मद अयूब और उनकी पत्नी शमीमुल का नाम भी शामिल हैं। डॉ. मोहम्मद अयूब के सगे-संबंधी मोहम्मद यासिर निजाम और आमना बेगम को भी डिफाल्टर की सूची में रखा गया है। 31 अगस्त 2019 को जारी डिफाल्टरों की सूची के मुताबिक जोहरा कांप्लेक्स बड़हलगंज के इन निवासियों पर 64 लाख 24 हजार 104 रुपये की बकायेदारी है। कई बार नोटिस के बाद भी रकम नहीं मिली तो बैंक प्रबंधन ने कड़ा कदम उठाया है।
दरअसल, डॉ. मोहम्मद अयूब पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह 2012 में संतकबीरनगर की खलीलाबाद विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे। 2017 तक विधायक भी रहे। डुमरियागंज लोकसभा सीट से सांसद का चुनाव भी लड़े थे लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने बेटे डॉ. अमान के नाम पर कंपनी खोली थी। बड़हलगंज में उनका बड़ा अस्पताल भी है।
डिफाल्टर घोषित किए जाने की कोई जानकारी नहीं है। शमीमुल मेरी पत्नी हैं, यह सच है। डिफाल्टर की जो सूची जारी हुई है, उसमें पीस पार्टी का नाम नहीं होना चाहिए। अमन मेडिकल प्रोडक्टस प्राइवेट लिमिटेड किसकी फर्म है, यह नहीं पता है। बेवजह ही मामले को तूल देने की कोशिश की जा रही है।
डॉ. मोहम्मद अयूब, राष्ष्ट्रीय अध्यक्ष पीस पार्टी
बड़े बकायेदार और डिफाल्टरों की सूची पीएनबी की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। 176 पेज की सूची में कई बड़े नाम भी हैं। गोरखपुर के डॉ. मोहम्मद अयूब सहित चार को डिफाल्टर घोषित किया गया है।
राकेश अरोड़ा, उप महाप्रबंधक पीएनबी