नवागत डीएम ओम नारायण सिंह ने मंगलवार की दोपहर 1.40 बजे पदभार संभाल लिया। निवर्तमान डीएम रंजन कुमार ने कोषागार में उन्हें चार्ज सौंपा। इसके बाद नए डीएम ने अफसरों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पूर्वांचल उनके लिए नया नहीं है। वह यहीं जन्मे हैं और फैजाबाद व जौनपुर आदि जिलों में बतौर एसडीएम काम कर चुके हैं।
1957 में बस्ती के रानीपुर बेलाड़ी में जन्मे ओम नारायण सिंह ने कहा कि आस-पास के जिलों की तुलना में गोरखपुर में जनसंख्या का दबाव ज्यादा है। यही वजह है कि सड़कों पर दबाव बन रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य आदि की बेहतर सुविधाओं की वजह से गांव से भी लोग शहर की तरफ रुख कर रहे हैं।
ऐसे में ट्रैफिक की समस्या बढ़ती चली जा रही है। इस दिशा में ठोस और सार्थक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके अलावा चिकित्सा समेत सभी मूलभूत सुविधाओं को आम आदमी तक पहुंचाने पर उनका विशेष जोर रहेगा।
1983 बैच के पीसीएस और 2002 बैच के आईएएस ओएन सिंह इससे पहले उद्यान विभाग में विशेष सचिव के पद पर थे। उसके पहले दो साल तक वह पीलीभीत के डीएम, कानपुर व मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, कानपुर के नगर आयुक्त समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।