गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन खंड के नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को प्रत्याशियों के भारी-भरकम जुलूस के चलते कई रास्तों पर भीषण जाम लगा रहा। चूंकि नामांकन शहर के बीचोबीच कमिश्नर दफ्तर में हो रहा था, इसलिए इससे जुड़े कई रास्ते में रफ्तार थम गई। खुद डीएम संध्या तिवारी सेंटर एंड्रयूज कालेज के सामने आधे घंटे से ज्यादा समय तक जाम में फंसी रहीं। कोई रास्ता न देख उन्होंने खुद ड्राइवर को गाड़ी दूसरी लेन से निकालने को कहा। कड़ी मशक्कत के बाद वह अपने गंतव्य पहुंच सकीं।
अंतिम दिन नामांकन में प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ को देखते हुए कमिश्नर दफ्तर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया था। इसके चलते आसपास इलाकों और चौक-चौराहों पर वाहन रेंग रहे थे। हालत यह थी कि मिनटों का सफर घंटों में पूरा हो रहा था। जाम में कई जगह एंबुलेंस भी फंसी नजर आईं। जाम से बचने के लिए लोगों ने गलियों की ओर रुख किया तो वहां भी वाहन जगह-जगह फंस गए। जाम किस कदर था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई वाहन चालक गाड़ी बंद कर बाहर खड़े रहे।
कहां-कहां लगा था जाम
शहर के शास्त्री चौक, दाउदपुर, रेती चौक, बैंक रोड, गीता प्रेस, बिलंदपुर, गोरखनाथ, बरगदवा से मेडिकल कॉलेज जाने वाले रास्ते, पैडलेगंज और हाइवे पर भी वाहन खड़े नजर आए। आधा किलोमीटर वाहनों की कतारें नजर आ रही थीं। यहां तक कि चौराहों पर तैनात ट्रैफिर पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। स्कूल छूटने के बाद तो जाम और घना हो गया। कई अभिभावक बच्चों के देर से घर पहुंचने पर परेशान हो उठे।
गाड़ियां छोड़ पैदल निकलने लगे लोग
शहर में जाम की स्थिति ऐसी थी कि लोग बसों और ऑटो से उतरकर पैदल ही अपने गंतव्य पर रवाना हो रहे थे। खासतौर पर बुजुर्गों और महिलाओं को खासी परेशानियों से गुजरना पड़ा।