अब दो दिन में मिल जाएगी शादी में डीजे बजाने की अनुमति
गोरखपुर। पुलिस अब शादी में डीजे व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति केवल दो दिन में देगी। इससे पहले थाने-चौकी के कई चक्कर लगाने के बाद करीब हफ्ते भर में अनुमति मिल पाती थी। वहीं अन्य कार्यक्रमों की अनुमति पुराने नियम से ही मिलेगी।
पुलिस अब एडीएम के यहां से अनुमति के लिए फार्म आने पर एसपी सिटी कार्यालय में ही आयोजकों से एक दस रुपये के स्टैम्प पर शपथ पत्र ले लेगी। इसके बाद उसी आधार पर तत्काल एसपी सिटी कार्यालय से रिपोर्ट लगाकर एडीएम को भेज दिया जाएगा। वहां से अनुमति मिल जाएगी। इसे जल्द ही लागू कर दिया जाएगा।
अभी यह है प्रक्रिया
अभी अनुमति लेने के लिए आयोजकों को एडीएम के यहां से फार्म भरकर उनसे आदेश लेकर एसपी सिटी कार्यालय के जरिए सीओ और संबंधित थाने व चौकी को भेजा जाता है। थाने पर जाकर आवेदक को रिपोर्ट लगवानी पड़ती है। रिपोर्ट लगने के बाद उसी प्रक्रिया के तहत फार्म दोबारा एसपी सिटी कार्यालय आता है। इसके बाद एसपी सिटी कार्यालय अपनी रिपोर्ट लगाकर एडीएम के यहां भेज देते हैं। अंत में वहां से अनुमति मिलती है। इस प्रक्रिया के पूरी होने में एक सप्ताह का समय लग जाता है।