सहजनवां में मोहर की हत्या की गई है। उसकी फाइल फोटो।
ईंट भट्ठे पर खौलता पानी फेंककर मजदूर की हत्या
पिपरौली (सहजनवां)। इलाके के रिठुआखोर में शुक्रवार की सुबह ईंट भट्ठे पर शराब पीने गए मोहर ढाड़ी (55) की मनबढ़ों ने खौलता पानी फेंककर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कुछ दूर बने गड्ढे में फेंक दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस छानबीन कर रही है। इस मामले में घघसरा चौकी में मोहर के बड़े लड़के शक्ति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
घरवालों के मुताबिक मोहर शुक्रवार की सुबह दस बजे घर से निकले थे। ईंट भट्ठे के पास शराब पीने के विवाद में ही उनके ऊपर खौलता पानी फेंक दिया गया जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव गांव से कुछ दूर खेत के गड्ढे में फेंक दिया गया। दोपहर करीब तीन बजे राहगीरों ने सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने पहचान कराके घरवालों को जानकारी दी। गर्म पानी के चलते मोहर के सीने, पेट और हाथ की चमड़ी छिल गई थी। मोहर के पांच बेटे और दो बेटियां हैं। बड़े लङ़के शक्ति और एक बेटी माधुरी की शादी हो चुकी है। पत्नी बहावना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।