किडनी के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। जिला अस्पताल में लंबित पड़ी डायलिसिस यूनिट को रफ्तार मिल गई है। शासन स्तर पर एसआईसी ने मुद्दे को उठाया है, जिसके बाद वाराणसी के हेरिटेज हास्पिटल को जिला अस्पताल में जल्द डायलिसिस यूनिट शुरू कराने की जिम्मेदारी सौंप दी है। पीपीपी (प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप) के तहत इसे संचालित करना है।
लखनऊ में हुई समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के जिला अस्पतालों में खोले जाने वाले डायलिसिस यूनिट की प्रगति जानी गई। इस दौरान एसआईसी डॉ. एचआर यादव ने यूनिट के स्थापना में हो रही देरी का मामला उठाते हुए कहा कि जिला अस्पताल स्थित न्यू बिल्डिंग में हेरिटेज हास्पिटल द्वारा मांगी गई जगह उपलब्ध है। उन्होंने ड्राइंग के जएि भी चिह्नित स्थल को दिखाया।
बैठक में एसआईसी को बताया गया कि जिस बाबू ने स्थल का निरीक्षण कराया था, उसने सिर्फ एक पार्ट ही दिखाया था, जिसमें डायलिसिस यूनिट को संचालित करना संभव नहीं था। इसलिए प्रथम चरण में शामिल होने के बाद भी गोरखपुर में डायलिसिस यूनिट स्थापित करने में देरी हुई। अब शासन ने जल्द शुरू करने को लेकर हेरिटेज हास्पिटल के जिम्मेदारों को आदेश दे दिया है। वहीं लापरवाही बरतने वाले बाबू को रिलीव कर दिया गया है। उसका गैरजनपद तबादला हो चुका था मगर वह यहीं पर ड्यूटी कर रहा था।