मुख्य डाकघर पर रजिस्ट्री कराने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
नगर निगम में 1360 सफाई कर्मियों की सीधी भर्ती परीक्षा से चरमराई व्यवस्था को संभालने के लिए डाक विभाग ने चार काउंटर बढ़ाए हैं। बावजूद इसके आवेदन पत्र जमा करने वाले बेरोजगारों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है।
सफाई कर्मी पद पर भर्ती के लिए एक से दस अगस्त तक आवेदन पत्र जमा करना है। तीन दिनों में दो हजार से अधिक आवेदन पत्र नगर निगम में पहुंच चुके हैं। इसके अलावा डाक टिकट लेने, आवेदन पत्रों की रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट करने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों की तादाद में बेरोजगार युवा डाकघरों में पहुंच रहे हैं। सर्वाधिक भीड़ हेड पोस्ट ऑफिस में जुट रही है। इससे डाक विभाग की पहले से रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और डाक टिकट बिक्री की चल रही व्यवस्था गड़बड़ा गई है। लिहाजा डाक विभाग ने व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चार काउंटर और बढ़ा दिए हैं। इनमें से दो काउंटर टिकट बिक्री और दो काउंटर रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट के लिए है। इसके अलावा रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट की समय अवधि भी बढ़ा दी गई है।
पहले स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री और डाक टिकट का समय दोपहर साढ़े चार बजे तक निर्धारित था, आवेदन करने वालों की भीड़ को देखते हुए इसे बढ़ा करके सायं साढ़े छह बजे तक कर दिया गया है। पहले रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और डाक टिकट के दो काउंटर थे। अब चार कर दिए गए हैं।
- डीबी त्रिपाठी, प्रवर अधीक्षक डाक