डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा भाजयुमो सम्मेलन में कार्यकर्ताओं संग
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर चुन-चुनकर हमले किए। कहा कि ममता बनर्जी, चंद्रबाबू नायडू, शरद पवार, अखिलेश यादव, शिवपाल यादव जैसे नेताओं ने छोटे-छोटे दल गठबंधन कर ब्लैकमेलिंग कर रहे हैं। वे नहीं जानते कि अबकी बार मोदी लहर नहीं, बल्कि विपक्षियों के लिए मोदी के नाम का कहर चल रहा है।
गुरुवार को पहली बार बतौर डिप्टी सीएम जिले में आए डॉ. दिनेश शर्मा पडरौना नगर के उदित नारायण पीजी कॉलेज के मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा की तरफ से आयोजित विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा कि वो कौन सी मशीन थी, जिसने 400 लाख को 400 करोड़ कर दिया। ये वो लोग हैं, जो देश के प्रधानमंत्री को चोर कहते हैं। गांधी परिवार और एक पूर्व मुख्यमंत्री का परिवार तो चुनाव में पिकनिक मनाने आता है। वे जनसंपर्क के बहाने रेल और नदी की यात्रा करते हैं।
डॉ. दिनेश शर्मा ने गठबंधन में शामिल दल एक-दूसरे का विरोधी बताया। कहा कि इसका असर विधानसभा चुनाव में दिखेगा। इस जनपद में मतदान अंतिम चरण में है। यह संसदीय सीट जीत की चाबी खोलेगी।
करीबन आधे घंटा के संबोधन में डॉ. शर्मा ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर भी चर्चा की। कहा कि मोदी-योगी डबल इंजन की सरकार है, मोदी केंद्र में तो योगी प्रदेश में हैं। इनके निर्देशन में न्यू इंडिया बन रहा है। सरकार का पूरा जोर नकल विहीन परीक्षा पर है, ताकि पढ़-लिखकर युवा रोजगार हासिल कर सके। एनसीईआरटी की किताबों के दाम में कमी की गई। एक अप्रैल से शैक्षिक सत्र की शुरुआत की गई।
अंत में डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस का पंजा निशान हवा हवाई है, इसलिए भाजपा ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया है। भाजपा जीतेगी तो पीएम नरेंद्र मोदी बनेंगे, लेकिन विपक्षियों में प्रधानमंत्री कौन बनेगा, यह अभी तक तय नहीं हुआ।