मंदिर में शादी रचाते युवक-युवती।
- फोटो : Amar Ujala
नोट बंदी के कारण जरूरत की रकम नहीं मिलने से परेशान दुल्हन और दूल्हे के परिवार वालों ने उनकी शादी शनिवार को मंदिर में करा दी। गगहा क्षेत्र के देवकली के प्रेम सागर विश्वकर्मा के बेटे अनुज व बांसगांव के कांटा निवासी संत कुमार विश्वकर्मा की बेटी मीरा शादी की तारीख चार माह पहले ही तीन दिसंबर तय थी। लड़की के पिता का खाता यूनियन बैंक कौड़ीराम व लड़के के पिता का खाता एसबीआई करवल मझगांवा में है। दोनों पक्ष ने बैंक से कैश निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। देवकली के प्रधान धर्मेश गुप्ता व कुछ रिश्तेदारों की पहल पर दोनों परिवार ने मां करवल देवी मंदिर मझगांवा बाजार में शादी करने का निर्णय लिया। शनिवार को मंदिर में अनुज व मीरा परिणय सूत्र में बंध गए। प्रधान की तरफ से बैंडबाजे का इंतजाम किया गया था।
बैंक में कैश लेने पहुंचे चार बुजुर्ग बेहोश
एसबीआई की सिकरीगंज शाखा में शनिवार को कैश निकालने पहुंचीं तीन बुजुर्ग महिलाएं और एक पुरुष भीड़ में गश खाने से बेहोश हो गईं। घटना से वहां कुछ देर के लिए अफरातफरी मची रही। सुरक्षा के लिहाज से मौजूद पुलिस कर्मियों ने सभी को बैंक से बाहर निकाला और पानी का छींटा मारा। कुछ देर बाद उन्हें होश आया।