गोला के सुरदापार शुक्ल गांव में शुक्रवार की रात डांस देखने को लेकर हुए विवाद में घराती और बाराती में मारपीट हो गई। मामला बढ़ने पर गांव के लोगों ने बारातियों पर हमला करने के साथ ही उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पथराव में कई बाराती के घायल होने पर लड़के के पिता बारात लेकर लौटने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को रोककर शादी कराई। दूल्हे के घरवालों ने घटना के संबंध में तहरीर दी है।
बेलघाट, सोमवापुर के रहने वाले नंदलाल चौहान के लड़के की शादी सुरदापार शुक्ल गांव के रामाश्रय की बेटी से तय थी। शुक्रवार को वह बारात लेकर गांव में आए थे। द्वारपूजा के बाद बारात में आई आर्केस्ट्रा को शुरू कराने को लेकर गांव युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया।
बारातियों ने रोकने का प्रयास किया तो उलझ गए। विरोध करने पर आर्केस्ट्रा संचालक से हाथापाई करने के साथ ही नर्तकियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी। हटाने की कोशिश करने पर बारातियों से मारपीट करने के अलावा पथराव कर बोलेरो, कार और बाइक तोड़ दी। इस दौरान बारातियों में घटना के बाद बारात में भगदड़ मच गई।
सूचना पर पहुंची गोला पुलिस टूटी हुई गाड़ियों को कब्जे में लेकर थाने आई। घटना के बाद दूल्हे के पिता बारात लेकर लौटने लगे। इंस्पेक्टर गोला के समझाने पर सिपाहियों की मौजूदगी में देर रात शादी हुई। शनिवार की दोपहर में थाने पहुंचे दोनों पक्ष के लोगोें ने नुकसान की भरपाई होने की शर्त पर समझौता कर लिया।
मनबढ़ों पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
बारात में नर्तकी से छेड़छाड़ करने और पथराव कर जीप, कार और बाइक का शीशा तोड़ने वाले युवकाें पर कार्रवाई नहीं की। युवकों के उपद्रव के कारण बारात में भगदड़ मचने के साथ ही कई लोग घायल हो गए थे। बड़ी घटना के बाद भी पुलिस के कार्यवाही न करने से लोग हैरान हैं।