गगहा क्षेत्र में सोमवार की रात तंत्र-मंत्र के फेर में एक युवक की पट्टीदारों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर हाल में परिवार के लोगों ने उसे लेकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पांच लोगों पर पीटकर हत्या करने का केस दर्ज किया है।
गगहा, मझगांवा प्रतिनिधि के अनुसार हटवा गांव के हरिहरसीयर टोला निवासी रमेश (35) का पड़ोसी पत्तू के बीच एक साल से विवाद चल रहा था। पत्तू के घरवाले रमेश पर परिवार को परेशान करने के लिए तंत्र-मंत्र करने का आरोप लगाते थे। सोमवार की रात नौ बजे इसी बात को लेकर दोनों परिवार के बीच कहासुनी हो गई। पत्तू के घर वाले तंत्र-मंत्र कराने का आरोप लगा गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर डंडे से हमला कर रमेश को लहूलुहान कर दिया। परिवार के लोग गंभीर हाल में उसे लेकर सीएचसी गगहा गए। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रात एक बजे के करीब रमेश की मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह थाने पहुंचे रमेश के बेटे ने पत्ती, रामधनी, विशुनधर, विक्की, पत्तू के साले राजेश पर बलवा, मारपीट और पीटकर हत्या करने का केस दर्ज कराया। एसओ गगहा गिरजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की तलाश चल रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।