खोराबार इलाके के कुईं बाजार और प्यासी गांव की महिलाओं ने प्रधान केशव के नेतृत्व में थाने पर पहुंचकर कच्ची शराब बंद कराने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि यदि शराब पर जल्द अंकुश नहीं लगा तो वे शराबी लोगों की झाड़ू से पिटाई करेंगी और कोई भी बवाल हुआ तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। महिलाओं के ज्ञापन पर थानेदार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
महिलाओं ने गांव के कुछ लोगों का नाम बताते हुए आरोप लगाया है कि वे कच्ची शराब बनवाकर बेचते हैं। शराबी लोग महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। छेड़खानी की कई घटनाएं भी हो चुकी हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस इस ओर ध्यान नहीं देती है।
आरोप लगाया कि कुछ सिपाही भी इस धंधे में लिप्त हैं। इससे गांव में रहना दूभर हो गया है। एसओ कुशलपाल सिंह ने कच्ची शराब को जल्द बंद कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि आप शराब पीने वाले लोगों और छेड़खानी करने वालों को पकड़कर फोन करें, पुलिस कार्रवाई करेगी। उषा देवी, सुरेश, पार्वती, पूनम, दिलीप, रामसूरत सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।
ढ़ाई सौ लीटर कच्ची शराब पकड़ा
सहजनवां इलाके में एक ईंट भट्ठे पर कच्ची शराब के धंधे को पुलिस ने पकड़ा। एसपी ग्रामीण ज्ञान प्रकाश की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने भट्ठे से करीब ढाई सौ लीटर कच्ची शराब जब्त किया है। इसमें पांच लोगों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।