चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए उत्तराखंड की सीमा को सील कर दिया है। उत्तराखंड को जोड़ने वाले सभी मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। शाहजहांपुर, पीलीभीत, रामपुर और बदायूं जिलों की सीमा पर भी बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कराई जा रही है। उधर, चुनाव में खपाने के लिए जिले में हरियाणा की शराब की खेप आ गई है।
शनिवार को यूपी 100 ने डग्गामार बस की डिग्गी से ब्रांडेड शराब के 85 पौवे बरामद किए। हालांकि पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ करने के बजाय अज्ञात में मामला दर्ज कर लिया है। उधर, जिले में सभी शनिवार सुबह नौ बजे किसी ने यूपी 100 को सूचना दी कि नगर से लगे रिछोला गांव में सवारियां उतार रही प्राइवेट बस में हरियाणा से शराब आ रही है। बस को शमशुदहा के क्रेशर पर पुलिस ने घेर लिया। तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला। पुलिस ने सूचना देने वाले नंबर पर कॉल की तो उसने पीछे आ रही बस में शराब होने की बात कही। बस की डिग्गी की तलाशी लेने पर दो कट्टों में शराब की पेटियां बरामद हुईं। शराब किसकी और और कहां जा रही है सवालों का जवाब तलाशने के बजाय पुलिस बस के ड्राइवर और कंडक्टर को वहीं छोड़कर शराब की पेटियों को को थाने ले आई। दिनभर मामले को निबटाने का खेल चलता रहा। सीओ रमनपाल सिंह के पास शाम साढ़े पांच बजे तक कोई जानकारी नहीं थी। मामला बढ़ने पर पुलिस ने हरियाणा की शराब के 85 पौवे की बरामदगी दिखा कर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार कट्टों में 24 पौवे इंपीरियल ब्लू, 48 पौवे मैकडॉवल व्हिस्की और 13 पौवे रम के बरामद हुए हैं। इस मामले में एसएसआई मनोज कुमार ने कह दिया कि जांच के बाद जो दोषी होगा उसे जेल भेजा जाएगा।
पुलिस की शह में होता है खेल
-नगर के साथ ही क्योलड़िया, बरखन, हाफिजगंज और कुंडरा कोठी से जयपुर, दिल्ली व हरियाणा बार्डर तक चलने वाली प्राइवेट बसों में कारचोबी के सामान के साथ-साथ अन्य सामान की ढुलाई भी होती रही है। टूरिस्ट परमिट की आड़ में इन बसों से लाखों की टैक्स चोरी हो रही हैं। बताया जा रहा है कि इस रूट के सभी थानों और चौकियों पर इनका महीना बंधा होता है। ये तो यूपी 100 की कॉल से मामला पकड़ में आ गया। वर्ना यह शराब भी ठिकाने तक पहुंच जाती।