बड़हलगंज पुलिस ने एक असलहा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके बैग से तीन तमंचा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ में असलहा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पता चला है जिसकी पुलिस छानबीन कर रही है। मऊ का रहने वाला आकाश असलहा तस्करी का सरगना बताया जा रहा है।
पुलिस आफिस में पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी अनंत देव ने बताया कि बड़हलगंज पुलिस बृहस्पतिवार की रात पटना तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मऊ की तरफ से एक असलहा तस्कर बैग में तमंचा लेकर गोरखपुर में सप्लाई देने जा रहा है। पुलिस ने मुक्तिधाम के पास से जा रहे एक संदिग्ध युवक को चेकिंग के दौरान रोक लिया।
इस पर युवक भागने लगा। पुलिस वालों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से पुलिस को दो पिस्टल, आठ कारतूस और एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया। उसकी पहचान अनिल चौरसिया निवासी मल्लाह बस्ती, कोतवाली मऊ के रूप में हुई। उसने बताया कि गिरोह का सरगना आकाश भी मऊ के कोतवाली इलाके का ही है।
मुंगेर से आकाश मंगवाता है असलहा
मऊ का असलहा तस्कर आकाश बिहार के मुंगेर से तमंचे मंगाकर पूर्वांचल में सप्लाई करता है। हर असलहे के पीछे वह दस-पंद्रह हजार रुपये बचाता है। माल को एक से दूसरी जगह पहुंचाने वाले कैरियर को मामूली रकम मिलती हैं। ये पर्दाफाश असलहा तस्कर गिरोह के कैरियर ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में बताई। सूत्रों के मुताबिक आकाश पिस्टल, तमंचा के साथ साथ कारबाइन भी मंगवाता है।
अनिल को गोरखपुर पहुंचाना था असलहा
पुलिस की पूछताछ में अनिल ने बताया कि उसे इन तमंचों की डिलीवरी गोरखपुर में एक व्यक्ति को देनी थी। वह उस व्यक्ति को नहीं जानता है बस उसे एक मोबाइल नंबर दिया गया था। गोरखपुर पहुंचने के बाद उस नंबर पर फोन करके उसे बुलाना था। वह व्यक्ति भी कैरियर का ही काम करता है। इसके पहले भी वह कई बार तमंचे की सप्लाई कर चुका है।
नंबर से नेटवर्क की तलाश
अनिल के पास मिले मोबाइल नंबर के सहारे पुलिस असलहा तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगालने में लग गई है। पुलिस ने अनिल से उस नंबर पर फोन कराया लेकिन फोन नहीं उठा। सूत्रों के अनुसार को पुलिस को इसके अलावा कुछ अहम सुराग मिले हैं जिसके जरिए सरगना सहित गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों की छानबीन चल रही है।