गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल एकला नंबर दो में इंटर की छात्रा ने दो युवकों पर अपहरण केे प्रयास का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। हालांकि आरोपी बनाए गए एक युवक का कहना है कि उसकी बहन को आरोप लगाने वाली युवती का भाई भगा ले गया है। उसी के बारे में वह पूछताछ करने आए थे।
बेलघाट थाना क्षेत्र के मनिकापार की रहने वाले वाली युवती इंटर की छात्रा है। उसने बताया कि 15 मार्च को वह परीक्षा देने के लिए अपने चाचा के साथ आई थी। वह महातम राव स्मारक इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर जैसे ही बाहर निकली, बाइक से आए दो युवक बेलघाट के कुंवर गांव निवासी मनोज और बांसगांव थाना क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी विवेक ने उसके अपहरण का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर गांव वाले इकट्ठा हुए तो दोनों भागने लगे।
पुलिस नेयुवती के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया। वहीं, आरोपी युवकों का कहना है कि 13 मार्च को राजघाट थाना क्षेत्र के तुर्कमानपुर में रहने वाली उसकी बहन को आरोप लगाने वाली युवती का भाई बहला-फुसला कर भगा ले गया है। इस मामले में राजघाट पुलिस को तहरीर भी दी गई है। उसी मामले में वह युवती से पूछताछ करने आए थे, मगर उन्हें फर्जी कहानी बनाकर फंसाया जा रहा है।