बाघा गाड़ा फोरलेन पर रविवार देर रात लुटेरों ने धावा बोलकर ट्रक चालक को गोली मार दी। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। लुटेरों के हमले का शिकार हुआ राकेश (32) बांदा के अतर्रा बाजार का रहने वाला है।
कुशीनगर के तमकुही राज में प्याज लेकर आया था। ट्रक अनलोड करके बांदा लौटते समय रात के खाने के लिए गाड़ी बाघागाड़ा ओवरब्रिज के पास रोकी। पास मौजूद खाने का सामान निकालकर हेल्पर गिरधारी ट्रक से कुछ दूरी पर खाना बनाने लगा। देर रात बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने रुके ट्रक के पास बाइक खड़ी की और धावा बोलने के अंदाज में ट्रक के केबिन में मौजूद राकेश को घेर लिया। असलहा तानकर उससे रकम मांगी। न देने पर छीना झपटी की कोशिश की। धक्का देकर ट्रक से कूदकर ड्राइवर ने भागने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने उस पर गोली चला दी।
कंधे में गोली लगने से ड्राइवर राकेश जख्मी होकर गिर पड़ा। उसके चिल्लाने और खाना बनाना भूलकर हेल्पर व रुके हुए ट्रकों के चालकों के दौड़ने से बदमाशों ने सहजनवां की तरफ बाइक दौड़ा दी।
जानकारी मिलने पर पहुंचे नौसढ़ चौकी प्रभारी सत्यप्रकाश मौके पर पहुंचे और घायल राकेश को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। सीओ बांसगांव एसएन सिंह ने भी मौके व घायल से जानकारी ली। हुलिया जानकर टोल प्लाजा के कैमरों की मदद से बदमाशों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।