फोन पर हत्या की खबर से फैली सनसनी।
गुलरिहा के बूड़ाडीह गांव में शुक्रवार की दोपहर युवक ने विवाद के बाद पत्नी, मां और बाप को पीटकर अचेत कर दिया। घटना के बाद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर हत्या करने की जानकारी दे दी। खबर पाकर पहुंचे एसओ गुलरिहा से उलझ गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आई।
बूड़ाडीह गांव के रहने वाले दयाराम यादव (24) का शुक्रवार की दोपहर तीन बजे पत्नी गोल्डी से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद बेरहमी से पत्नी की पिटाई कर दी। पिता रामप्रसाद बीच - बचाव करने गए तो उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। मां मंजू देवी ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाने का प्रयास किया तो डंडे से उनके ऊपर हमला कर दिया।
पिटाई से तीनों के बेहोश होने के बाद दयाराम ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पूरे परिवार की हत्या करने की सूचना दे दी। जानकारी मिलने पर एसओ गुलरिहा सुनील सिंह पहुंचे तो उनसे भी उलझ गया। दयाराम को हिरासत में लेकर थाने आने के साथ ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
थाने पहुंचने पर वह जेल से छूटकर आने पर घरवालों की हत्या करने की धमकी दे रहा था। एसओ ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति गड़बड़ है।