कोतवाली थाना क्षेत्र में घर से सामान लेने निकली छात्रा का अपहरण कर रेप करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने छात्रा को मिर्जापुर मोहल्ले में स्थित एक मकान में ले जाकर बंधक बनाकर रेप किया और लहूलुहान हाल में छोड़कर फरार हो गया। छात्रा की मां ने इंस्पेक्टर को तहरीर दी लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद पीड़ित ने आईजी को मामले की जानकारी दी, तब जाकर शुक्रवार की देर रात कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।
जानकारी के मुताबिक किशोरी (13) कक्षा छह की छात्रा है। 5 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे वह घर से सामान लेने निकली थी। आरोप है कि पड़ोस के शकील अहमद ने उसका अपहरण कर लिया और कार से मिर्जापुर मोहल्ले के एक सुनसान मकान में ले गया। यहां बंधक बनाकर उसके साथ रेप किया। पूरी रात छात्रा वहीं बंधक बनी रही। अगले दिन 6 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी उसे लहूलुहान हाल में छोड़कर फरार हो गया। घर पहुंचकर पीड़ित ने मां को पूरी बात बताई। घर वालों ने कोतवाली थाने पहुंचकर तहरीर दी, लेकिन इंस्पेक्टर ने कार्रवाई नहीं की।
आरोपी छात्रा और उसके घरवालों को जान से मारने की धमकी देने लगा। इस पर सभी आईजी मोहित अग्रवाल के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी। आईजी के निर्देश पर शुक्रवार की रात कोतवाली पुलिस ने शकील के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने, रेप करने और पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया। सीओ कोतवाली अशोक पांडेय ने बताया आरोपी की तलाश चल रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।