गोरखपुर। चचेरी बहन के बेटे की ज्यादती का शिकार हुई युवती न्याय के लिए भटक रही है। शारीरिक शोषण करने के बाद युवक ने मंदिर में शादी कर मामला रफा-दफा कर दिया, लेकिन घुमाने के बहाने नेपाल ले जाकर छोड़ दिया।
संस्था की मदद से घर पहुंची युवती ने शिकायत की तो पंचायत के बाद दोबारा दिल्ली लेकर गया पर वहां भी छह महीने तक उत्पीड़न करने के बाद छोड़कर चला आया। शिकायत लेकर युवती महिला थाने पहुंची तो सिपाहियों ने तेल भराने के नाम पर रुपये ले लिए पर कोई कार्रवाई नहीं की।
तिवारीपुर क्षेत्र की रहने वाली युवती वर्ष 2013 में सहजनवां में रहने वाली चचेरी बहन के बेटी की शादी में गई थ। चचेरी बहन के बेटे ने उसके साथ रेप किया। घरवालों के जानकारी देने पर पंचायत बुलाकर मामले को रफा - दफा करने के साथ ही युवती की आरोपी से शादी करा दी गई।
शादी के बाद पति उसे लेेकर नेपाल गया जहां कुछ दिन रहने के बाद छोड़कर चला आया। संस्था की मदद से गोरखपुर पहुंची युवती ने सहजनवां थाने पहुंच घटना की जानकारी दी।
पुलिस के बुलाने पर रिश्तेदार के साथ पहुंचे पति और ससुर उसे लेकर चले गए। युवती का आरोप है कि एक महीने तक घर रखने के बाद पति उसे लेकर दिल्ली चला गया जहां उसका शारीरिक उत्पीड़न किया।
देह व्यापार के लिए कई बार उसके ऊपर दबाव भी बनाया गया। इन्कार करने पर उसकी पिटाई की जाती थी। जीविका चलाने के लिए एक प्राइवेट कंपनी में उसने नौकरी शुरू कर दी। कुछ दिन बाद पति छोड़कर चला आया। शिकायत लेकर वह सहजनवां थाने पहुंची तो उसे भगा दिया गया। महिला थाने आने पर तीन सिपाहियों गाड़ी में तेल भराने के नाम पर एक हजार रुपये ले लिए लेकिन कार्रवाई नहीं की।
एसओ से शिकायत करने पर महिला सिपाही भड़क गई। पति की प्रताड़ना से परेशान युवती पुलिस की बेरुखी से परेशान है। एसएसपी अनंत देव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। रुपये लेने वाले सिपाहियों पर कार्रवाई करेंगे। पीड़ित को न्याय मिलेगा।