प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर चेकिंग करती पुलिस।
- फोटो : Rajesh Kumar
शहर के होटलों में बृहस्पतिवार को पुलिस ने छापा मारकर संदिग्धों की तलाशी कराई। इस दौरान ढाबे के साथ ही देहात क्षेत्र के गेस्ट हाउस भी चेक किए गए। रेलवे स्टेशन रोड के होटल में पुलिस ने आपत्तिजनक हाल में कई प्रेमी युगल को पकड़कर महिला थाने भेजा। वहां से उन्हें घरवालों को बुलाकर उनकी सुपुर्दगी में दे दिया गया।
एसएसपी रामलाल वर्मा, एसपी (सिटी) हेमराज मीणा, सीओ कैंट अभय मिश्रा दोपहर एक बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने फोर्स के साथ होटलों में जाकर ठहरे हुए लोगों की जानकारी ली। दूसरे जिले से आए लोगों के कमरे में भी छानबीन की गई। इस दौरान पुलिस चौकी के पास स्थित होटल में कई प्रेमी युगल आपत्तिजनक हाल में मिले। सभी को हिरासत में लेकर महिला और कैंट थाने भेज दिया गया। वहां घरवालों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने शहर के कोतवाली, राजघाट, गोरखनाथ, चिलुआताल, शाहपुर क्षेत्र के होटलों में सीओ के साथ थानेदार और चौकी प्रभारी ने तलाशी ली। हाईवे पर स्थित गेस्ट हाउस में ठहरने वाले लोगों की जानकारी लेने के साथ ही थानेदारों ने मालिक और संचालकों को बाहर से आकर रुकने वाले लोगों की सूचना थाने पर देने को कहा।
उधर, प्रधानमंत्री के गोरखपुर दौरे को देखते हुए आईजी मोहित अग्रवाल ने नेपाल और बिहार बार्डर पर चौकसी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बार्डर के थानेदारों से हर गतिविधि पर नजर रखने के साथ किसी भी प्रकार का संदेह होने पर तुरंत अधिकारियों को सूचना देने को कहा है।
सहजनवां में नौ जोड़े पकड़े गए
होटलों और ढाबों पर संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस को दो होटलों से कुल नौ जोड़े संदिग्ध हाल में मिले। पुलिस सभी को थाने ले गई। इतने बड़े पैमाने पर लड़के-लड़कियों के पकड़े जाने से होटलों में सेक्स रैकेट चलाने की बात को भी बल मिल रहा है। पुलिस ने सभी से नाम और पता पूछने के बाद उनके परिवार वालों को इसकी जानकारी दी। होटल से पकड़े गए जोड़ों में एक ऐसा भी मिला जिसमें शामिल लड़की की बुधवार को शादी थी। रात भर शादी की रस्म पूरी कराने के बाद गुरुवार को जब बारात चली गई तो दोपहर बाद वह होटल पहुंच गई। उसके हाथों में मेंहदी भी लगी थी।