डायल-100 पर महिला कर्मचारियों से मोहब्बत का इजहार करना युवक को भारी पड़ गया। रोजाना फोन करने वाला युवक महिला कर्मचारियों से मोहब्बत का इजहार और पुरुष कर्मचारियों को गाली देता था। लखनऊ से शिकायत आने के बाद बुधवार को सहजनवां पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया तो वह नशेड़ी निकाला। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
सहजनवां पुलिस के मुताबिक बुधवार को डायल-100 के लखनऊ कंट्रोल ऑफिस से सूचना मिली कि एक शख्स दो सप्ताह से फोन कर अपशब्द बोलता है।
महिला कर्मी के फोन उठाने पर वह आई लव यू बोलता है और पुरुषकर्मियों के फोन उठाने पर वह गाली देने लगता है। उसकी हरकतों से आजिज कंट्रोल रूम से उसके नंबर को ट्रेस किया तो वह सहजनवां क्षेत्र के कालेसर का शिवशंकर निकला। पीआरवी-100 के जवानों ने उसे कालेसर से उठाकर थाने के हवालात में पहुंचा दिया। थाने में भी उसने नशे की हालत में पुलिस को काफी देर तक परेशान किया।