बेटे का इलाज करने की झांसा देकर महिला से उतरा लिए थे गहने
- फोटो : अमर उजाला
पैडलेगंज चौकी से चंद कदम की दूरी पर एक जालसाज ने महिला के गोद में बीमार बच्चे के इलाज का झांसा देकर गहने लेकर फरार हो गया। उसने महिला को ओम नम: शिवाय का जाप कर दस कदम चलने को और इतने देर में ही वह आंखों से उझल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला ने थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक पैडलेगंज निवासी पवन कुमार की पत्नी गीता शर्मा सोमवार की सुबह बच्चे को साथ लेकर चौराहे पर सामान खरीदने जा रही थीं। घर से कुछ दूर पर एक बाइक सवार युवक आया और उनसे बोला कि आपके बच्चे की तबीयत खराब लग रही है, मैं उसे ठीक कर सकता हूं। यह संयोग था कि उस समय महिला के बच्चे की तबीयत कुछ खराब थी। वह उसके झांसे में आ गईं। इसके बाद युवक ने बोला कि जब बच्चे की तबीयत खराब हो तो जेवरात नहीं पहना जाता। आप अपने जेवरात उतारकर थैले में रख दें।
महिला ने कान की बॉली, सोने की चेन निकरल कर थैले में रख दिया। फिर जालसाज ने बोला कि आपसे पूजा पाठ में कोई गलती हुई है। माता रानी आपसे नाराज हैं। पूजा करके उसे ठीक कर दूंगा। फिलहाल आप बिना पीछे मुड़े दस कदम आगे जाए और ओम नम: शिवाय का जाप करिए। इसके बाद युवक जेवरात का थैला लेकर फरार हो गया। दस कदम आगे बढ़ने के बाद जब महिला पीछे मुड़ी तो युवक नहीं था। इसके बाद महिला सड़क पर रोने लगी और पति को सूचना दी। पति की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।