खोराबार में बहरामपुर गांव स्थित फोरलेन के किनारे बृहस्पतिवार की सुबह बदमाशों ने एक युवती (22) की गोली मारकर हत्या कर दी। यही नहीं, पहचान छिपाने के लिए रॉड से हमला कर उसका चेहरा भी बिगाड़ दिया गया था। कपड़े अस्त-व्यस्त होने से रेप की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस को मौके से पांच खोखे और दो कारतूस मिले हैं। युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी।
जगदीशपुर, खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार बहरामपुर गांव के लोगों ने बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे फोरलेन के किनारे एक युवती की लाश देखी। बदमाशों ने बायीं कनपटी, गाल और सिर में गोली मारने के बाद पहचान छुपाने के लिए रॉड से हमला कर उसका चेहरा भी बिगाड़ दिया था। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ कैंट कमल किशोर, एसओ खोराबार रामआशीष यादव फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
छानबीन में पुलिस को घटनास्थल से प्वाइंट 76 बोर के दो कारतूस, पांच खोखे और रॉड मिला है। युवती ने धानी रंग की सलवार, हरी समीज, सफेद-हरा छींटदार स्वेटर और गुलाबी रंग की जूती पहन रखी थी। गले में काले रंग के धागे में बंधा लाकेट और दाएं पैर में काला धागा बंधा था।
घटनास्थल के पास धूल में चार पहिया वाहन के पहियों के निशान मिलने पर पुलिस जीप से लाकर फोरलेन के किनारे सुनसान स्थान पर युवती की हत्या करने की आशंका जता रही है। एसएसपी लव कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक टीम की मदद से हत्या की गुत्थी सुलझाने की कोशिश चल रही है। आसपास के सभी जिलों के पुलिस कप्तान को घटना की जानकारी देकर शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रक चालक ने नहीं सुनी गोली की आवाज
फोरलेन बाईपास पर बुधवार की रात 10 बजे घटनास्थल से 100 मीटर दूर आलू लदा एक ट्रक खड़ा था। चूंकि ट्रक खराब था इस कारण चालक और खलासी पूरी रात केबिन में ही सोए रहे। पुलिस ने जब ट्रक चालक और खलासी से पूछताछ की तो उन्होंने किसी भी जानकारी से इन्कार कर दिया। दोनों का कहना था कि उन्होंने गोली की आवाज नहीं सुनी।