हादसे से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दी।
- फोटो : Amar Ujala
तिवारीपुर इलाके में मंगलवार देर रात दोस्त को बाइक से घर छोड़कर लौट रहे शख्स को बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने ब्रेकर आदि की मांग को लेकर बुधवार सुबह सुभाष चौक पर रास्ता जाम कर दिया। लोगों को उग्र होता देख मौके पर एसपी सिटी, एडीएम सिटी और एडीएम वित्त के साथ भारी पुलिस बल पहुंच गई। काफी समझाने के बाद लोग रास्ते से हटे। इस दौरान करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह से ठप रहा, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई थी।
शाहपुर इलाके के रामजानकी नगर निवासी दीपक (40) जंगल कौड़िया के प्राथमिक विद्यालय में चपरासी थे। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे दीपक बाइक से तिवारीपुर में रहने वाले दोस्त को सुभाष नगर चौराहे पर छोड़ने गए थे। उन्हें छोड़कर वह घर लौट रहे थे। दोस्त के घर से कुछ ही दूरी पर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेब में मिले पहचान पत्र के आधार पर घरवालों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं घटना से नाराज सुभाष नगर कॉलोनी के लोग बुधवार को मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने, सड़क के बीच में लगा ट्रांसफॉर्मर और पास में लगे बिजली के खंभे हटाने सहित तमाम मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर 12 बजे तक जारी रहा। इस दौरान लोगों ने पुलिस और प्रशासन विरोधी नारे लगाएं। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसपी सिटी हेमराज मीणा, एडीएम सिटी और एडीएम वित्त ने लोगों की समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।