कोर्ट में पेशी पर आए बंदियों ने गुटका, ठंडे पानी की बोतल के लिए कचहरी लॉकअप में बृहस्पतिवार की दोपहर जमकर हंगामा किया। इसके चलते करीब दो घंटे बंदियों की अदालत में पेशी का काम थमा रहा। एसपी (सिटी), सीओ (क्राइम) ने मौके पर पहुंचकर सख्ती की जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
जिला जेल से दोपहर 12:30 बजे तीन गाड़ियों से 125 बंदियों को पेशी पर कचहरी परिसर लाया गया था। कचहरी लॉकअप में बंदियों को रखने के बाद नंबर के आधार पर सिपाही पेश कराने ले जा रहे थे। खोराबार क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में बंद बर्खास्त होमगार्ड मिलने आए परिजनों से गुटका और पानी की बोतल लेने का प्रयास करने लगा। सिपाही के मना करने पर गाली गलौज की और देख लेने की धमकी दी। पुलिस ने सख्ती कर बंदी को वापस लॉकअप में पहुंचा दिया। जानकारी होने पर लॉकअप में रखे गए अन्य बंदियों ने हंगामा शुरू कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी। सुरक्षा में आगे आए दरोगा, सिपाही ने दखल दिया तो उनसे भी बदसलूकी शुरू कर दी।
कचहरी के लॉकअप में उत्पात की जानकारी होने पर एसपी (सिटी) हेमराज मीना, सीओ (क्राइम) अभय मिश्रा कलेक्ट्रेट, पैडलेगंज चौकी प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे। सख्ती के साथ कार्रवाई की चेतावनी देकर बंदियों को शांत कराया। हंगामे के कारण दोपहर एक से तीन बजे तक बंदियों की पेशी नहीं हुई।