पुलिस लाइंस के पास शुक्रवार की रात बाइक सवार बदमाश ने सहायक बैंक मैनेजर का पर्स लूट लिया। रिक्शे से वह रेलवे स्टेशन जा रही थीं। झटका लगने से वह सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके पैरों में गंभीर चोट लगी है। राहगीरों की मदद से पीड़ित ने सूचना पुलिस को दी। मुकदमा दर्ज कर कैंट पुलिस छानबीन कर रही है।
सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाली तनू गौतम विजया बैंक में सहायक प्रबंधक हैं। शुक्रवार की रात 9:30 बजे रिक्शे से रेलवे स्टेशन जाने के लिए घर से निकली थीं। काली मंदिर से आगे बढ़ने पर पीछे से आए बाइक सवार युवक ने उनका का पर्स छीन लिया। कंधे में बैग टंगा होने के कारण झटका खाकर वह रिक्शे से सड़क पर गिर गईं। गिरने से पैरों में चोट लग गई।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाने के साथ ही परिवार वालों को जानकारी दी। शनिवार की देर रात पीड़ित की तहरीर पर कैंट पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने पुलिस को बताया कि पर्स में दो मोबाइल, दो हजार रुपये, एटीएम कार्ड और कागजात थे।