झंगहा क्षेत्र के नई बाजार स्थित पीएनबी से 25 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे कमलेश को कार सवार बदमाशों ने अगवा कर लूट लिया। देवरिया के गौरीबाजार स्थित बाग में मारपीट कर छोड़ गए। एक राहगीर की मदद से झंगहा पुलिस के पास पहुंचे कमलेश ने घटना की जानकारी दी। हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। पुलिस के मुताबिक आपसी लेनदेन का मामला लग रहा है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
झंगहा के विश्वनाथपुर निवासी कमलेश निषाद घर पर ही रहकर खेती का काम करते हैं। उनका बैंक एकाउंट नई बाजार के पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में है। शुक्रवार को करीब 11 बजे खाते से 25 हजार रुपये निकाले थे। बैंक के बाहर निकलकर वह बाइक स्टार्ट कर रहे थे तभी कार सवार युवकों ने अगवा कर लिया। कमलेश मुताबिक कार को लेकर बदमाश चौरीचौरा की ओर ले गए। इस दौरान शोर मचाने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद बदमाश देवरिया जिले के गौरी बाजार स्थित बाग में पहुंचे। वहां मारपीटकर नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
दो घंटे बाद दी सूचना
घटना के बाद पुलिस को दो घंटे देरी से सूचना देने को लेकर पुलिस सवाल खड़ा कर रही है। पुलिस का मानना है कि बैंक के आसपास भीड़ थी और किसी से भी अगवा जैसी कोई जानकारी नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।