सिक्टौर गांव निवासी डुगरी देवी से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोमवार को 50 हजार रुपये लूट लिए। उन्होंने मकान बनवाने के लिए पंजाब नेशनल बैंक से रुपये निकाले थे। महिला की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच चल रही है।
सिक्टौर गांव के भिक्खु प्रसाद की पत्नी डुगरी देवी का रामगढ़ ताल स्थित पीएनबी में खाता है। चेन्नई में रहने वाला उनका बेटा प्रदीप इन दिनों घर आया है। वह अपनी देखरेख में मकान का निर्माण करा रहा है। इसी के लिए डुगरी देवी बैंक से रुपये निकालने गई थीं। 50 हजार रुपये निकालकर वह ऑटो से गांव लौट रही थीं। जैसे ही वह सिक्टौर गांव के पास उतरकर घर जाने के लिए आगे बढ़ीं, पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने उनका झोला छीन लिया। झोले में 50 हजार रुपये, आधार कार्ड, पासबुक और कई जरूरी कागजात थे। डुगरी के मुताबिक एक बदमाश हेलमेट पहने था, जबकि दूसरा मुंह बांधे था। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। डुगरी देवी की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।