स्मैक की लत ने युवक को लुटेरा बना दिया। आरोपी सहजनवां क्षेत्र के अमटौरा गांव निवासी प्रेम शंकर सिंह उर्फ सिब्बू सिंह मंडी समिति के पूर्व इंस्पेक्टर का बेटा है। वह महिलाओं के पर्स लूटता था। क्राइम ब्रांच और कैंट पुलिस ने शनिवार को पुलिस लाइन तिराहे पर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने गुरुवार रात गोलघर में महिला को लूटने की घटना को स्वीकार किया है। एसपी सिटी हेमराज मीणा ने शनिवार को कैंट थाने में प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान आरोपी के पास से पर्स और गहने बरामद होने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी के पास से काले रंग का लेडी बैग, लाल रंग के दो छोटे बैग, निर्वाचन कार्ड, स्टेट बैंक, पीएनबी का एटीएम, पैन कार्ड, चार सोने की अंगूठी एक जोड़ी कान का झाला लॉकेट लगी हुई छोटी चेन एक बड़ी चेन लॉकेट लगाए आठ सोने की नाक की कील, चार चांदी के कड़े, एक बाइक और हेलमेट आदि बरामद की है। सिब्बू का फल मंडी में मकान है और पिता मंडी समिति के इंस्पेक्टर पद से रिटायर हैं। एसपी सिटी ने बताया कि सिब्बू पर कैंट क्षेत्र में लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी एक विदेशी महिला से पर्स लूट की घटना में जेल भी जा चुका है।
एसपी ने बताया कि कोतवाली रोड मियां बाजार के रहने वाले मुअज्जन अली की पत्नी गुरुवार की देर शाम घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने उनका पर्स लूट लिया था। क्राइम ब्रांच के साथ ही कैंट पुलिस बदमाश की तलाश में जुट गई। शनिवार की रात 11 बजे पुलिस लाइन तिराहे पर सिब्बू सिंह को पकड़ लिया गया। सिब्बू ने एक मई 2015 को मलेशिया की एक महिला का पर्स लूटा था, तब उसे 11 माह की जेल हुई थी।
पिता ने जमानत लेने से किया इन्कार
सिब्बू तीन भाइयों में बड़ा है। दादा पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर रहे हैं। पिता मंडी समिति में इंस्पेक्टर से रिटायर हैं। सिब्बू की हरकत से पूरा परिवार दुखी है। पिता को यह यकीन नहीं हो रहा है कि उनका बेटा ऐसा काम कर सकता है। उनका कहना है कि किसी चीज की कमी नहीं है। अच्छी खासी खेती है। ट्रैक्टर, गाड़ी, शहर में मकान, पारिवारिक के सदस्य नौकरी में हैं। बावजूद बेटा बिगड़ैल निकल गया। दुखी पिता ने इस बार उसकी जमानत लेने से इन्कार कर दिया।