गोरखपुर। झंगहा में शिकारगढ़ पुलिया के पास से सोमवार की रात आठ बजे गुजरते बाइक सवार को चार युवकों ने तमंचा दिखाकर रोक लिया और 50 हजार रुपये तथा बाइक छीनकर भाग गए। सरेराह हुई इस घटना से सनसनी फैल गई।
घटना की चपेट में आए ठकुराई मुंडेरा गांव के रहने वाले डॉ. अभय चंद सिंह , जो गांव में ही इलाहाबाद बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। ग्राहकों के बैंक संबंधी काम से सोमवार को नई बाजार स्थित गजाईकाल की बैंक शाखा से लौटते समय लुटेरों ने उन्हें निशाना बनाया।
तमंचे से धमकाकर बाइक रुकवाई और हमलावर अंदाज में नीचे उतारकर बाइक ले भागे। डिकी में 50 हजार नकदी के अलावा 40 ग्राहकों की पासबुक और बैंक से जुड़े कागजात थे। एकाएक हुई इस वारदात से अभय चंद सन्न रह गए।
इस बीच शिकारगढ़ की तरफ से आ रहे तीन युवकों से मदद लेकर पुलिस को सूचित किया। बताया कि नकदी और बाइक लूटने के बाद बदमाश भगने गांव की तरफ भागे। सीओ चौरीचौरा एसएन सिंह, एसओ झंगहा अनिल यादव ने मौका मुआयने के बाद आसपास इलाके में कॉम्बिंग कराई लेकिन कोई लुटेरा हाथ नहीं आया।
एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह ने बताया कि एसओ को केस दर्ज कर जल्द से जल्द बदमाशों तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं।