खोराबार के आजाद नगर चौकी इलाके से शुक्रवार की सुबह एक युवती के अपहरण की सूचना से सनसनी मच गई। तत्काल सक्रिय हुई पुलिस ने जब जांच शुरू की तो लावारिस हाल में युवती की साइकिल मिलने से आशंका और गहरा गई, मगर शाम होते-होते पुलिस ने युवती को खोज निकाला। वह शिवाजीनगर स्थित किराए पर रहने वाले अपने ब्वाय फ्रेंड के घर पर थी। इसके बाद न सिर्फ पुलिस बल्कि घर वालों ने भी राहत की सांस ली।
शहर के एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज की छात्रा शुक्रवार की सुबह घर से कॉलेज के लिए निकली थी। थोड़ी देर बाद घरवाले जब चौराहे की ओर गए तो वहां किसी ने उन्हें बताया कि आपके घर की लड़की को एक युवक लेकर कहीं चला गया। इसके बाद वे पुलिस चौकी पहुंच गए और पुलिस से उन्होंने अपहरण की आशंका जताई। पुलिस भी अपहरण की खबर पाते ही सक्रिय हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने युवती की साइकिल बरामद कर ली। इसके कुछ देर बाद पुलिस ने शिवाजीनगर के किराए के एक मकान से युवती को भी खोज निकाला। उस समय वह अपने ब्वाय फ्रेंड के साथ थी।