असलहे के साथ अाराोपी सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हुअा है।
सहजनवां के तेनुआ फोरलेन टोल प्लाजा पर मंगलवार की दोपहर गेट न खोलने पर फार्च्यूनर सवार युवकों का कर्मचारियों से विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर युवकों ने हवाई फायरिंग करते हुए दहशत फैला दी। कर्मचारियों के जुटने पर युवक फरार हो गए। घटना की जानकारी के बाद फोर्स के साथ पहुंचे एसपी ग्रामीण ने मामले की छानबीन की। सीसीटीवी फुटेेज से पुलिस ने खजनी क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की पहचान कर ली।
पिपरौली प्रतिनिधि के अनुसार सहजनवां के तेनुआ फोरलेन पर स्थित टोल प्लाजा का लेन नंबर चार स्थानीय लोगों के लिए है। इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को टोल टैक्स नहीं देना होता है। मंगलवार की दोपहर डेढ़ बजे लखनऊ की ओर से आ रही दो फार्च्यूनर टोल प्लाजा पर पहुंचीं। कर्मचारी रणधीर यादव ने बैरियर गिरा कर टैक्स मांगा तो इन गाड़ी में सवार युवकों ने गालियां देनी शुरू कर दी।
प्रतिकार करने के साथ ही मामले की जानकारी देने के लिए रणधीर मैनेजर के केबिन की तरफ बढ़ा इसी बीच गाड़ी से उतरकर मनबढ़ों ने उसे लक्ष्य कर फायरिंग शुरू कर दी। केबिन में छुपकर उसने जान बचाई। दो राउंड गोली चलाने के बाद युवक खुद बैरियर उठाकर बाघागाड़ा की तरफ फरार हो गए। घटना के बाद फोरलेन पर अफरातफरी मच गई। अन्य लेन पर टैक्स के लिए रुके चालक भी गाड़ी लेकर भाग निकले। 20 मिनट तक गाड़ियों का आवागमन ठप रहा।
मैनेजर संजय राय के सूचना देने पर एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह, एसओ सहजनवां बृजेश यादव, फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों से घटना की जानकारी लेने के बाद सीसीटीवी फुटेज में रिकार्ड हुई घटना की वीडियो देख आरोपियाें की छानबीन शुरू कर दी।
फुटेज में दिख रहा फायरिंग करने वाला युवक
टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में फायरिंग करने वाले दो युवकों का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। एक युवक की पहचान स्थानीय लोगों ने करते हुए मंझरिया का निवासी बताया। उसकी तलाश में सहजनवां पुलिस ने दबिश दी। एसपी ग्रामीण ब्रजेश सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा मैनेजर की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और सेवन सीएलए के तहत केस दर्ज किया है।