सीबीआई विशेष कोर्ट ने निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली अब अपने ही खर्च पर सुप्रीम कोर्ट के वकील से पैरवी कराना चाहता है। इसके लिए कोली ने मंगलवार को सीबीआई विशेष कोर्ट में अर्जी देकर अनुमति मांगी। कोली की इस अर्जी पर सुनवाई के लिए विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी बुधवार को सुनवाई कर सकते हैं।
इससे पहले मंगलवार को चार मामलों की सुनवाई के चलते डासना जेल में बंद सुरेंद्र कोली को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। जमानत पर चल रहा दूसरा आरोपी मोनिंदर सिंह पंधेर भी कोर्ट में हाजिर हुआ। बता दें कि इससे पूर्व भी सुरेंद्र कोली सीबीआई कोर्ट में अर्जी देकर सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता रवींद्र गाडिया की मांग कर चुका है।
सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक जेपी शर्मा ने कोली की इस अर्जी पर विरोध जताया था। इस अर्जी को कोर्ट ने 19 अगस्त को खारिज कर दिया था। अब इन्हीं अधिवक्ता को कोली अपने खर्च पर अपने केस की पैरवी में लगाना चाहता है। उधर कोली के एक मामले में फाइनल बहस मंगलवार को भी जारी रही। बाकी बहस के लिए कोर्ट ने 24 अगस्त नियत की है।