मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम को लेकर पुलिस से बातचीत करते परिजन।
- फोटो : Rajesh Kumar
मेडिकल कॉलेज में बुधवार को आग में झुलसे एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। घर वाले शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। वार्ड ब्वॉय ने उन्हें शव को मोर्चरी ले जाने को कहा, तो इसी बात पर कहासुनी और फिर हाथापाई हो गई। वार्ड ब्वॉय ने भागकर इसकी सूचना पुलिस को दी। बाद में पहुंची पुलिस के कहने पर घर वालों ने शव मोर्चरी में रखवा दिया।
देवरिया जनपद के सलेमपुर, जोगपुर निवासी राधेश्याम (30) मंगलवार को संदिग्ध परिस्थिति में झुलस गया था। घर वालों के मुताबिक वह खाना बनाते समय झुलसा था। इलाज के लिए बीती रात उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार दोपहर करीब एक बजे उसकी मौत हो गई। मौत के बाद वार्ड ब्वॉय के साथ उसे लेकर घर वाले स्ट्रेेचर से बाहर आए। वार्ड ब्वॉय शव मोर्चरी लेकर जा रहा था, तभी घरवालों ने उसे रोक लिया और पोस्टमार्टम कराने से मना करते हुए शव घर ले जाने लगे। वार्ड ब्वॉय ने पोस्टमार्टम जरूरी बताया तो घर वाले उससे उलझ गए और हाथापाई करने लगे, जिसके बाद वह शव छोड़कर मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पहुंचा और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर वालों को समझा-बुझाकर शव मोर्चरी में रखवा दिया।