विधायक समेत पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी
- फोटो : अमर उजाला
जिला पंचायत के सदस्य के बेटे जितेंद्र के घर वाले पुलिस पर गंभीर आरोप मढ़ रहे थे। परिजनों के मुताबिक दबाव बनाकर जाम समाप्त कराया गया। मृतक की पत्नी बबीता और उसकी मां अमरावती देवी ने कहा कि जब तक सत्ताधारी दल के विधायक पर केस दर्ज नहीं होगा, शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस सत्ता पक्ष के दबाव में हम सभी का उत्पीड़न करने में लगी है। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए गांव हरैया बरदगवां में पुलिस का पहरा है।
इससे पहले पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के हरैया बरदगवां के जितेंद्र की हत्या के बाद शव को पोस्टमार्टम जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार को हुआ। इस पुलिस अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। जैसे ही करीब 4.30 बजे के बाद शव लेकर परिजन घर की ओर रवाना हुए तो त्रिमुहानी घाट पर फरेंदा रोड को जाम कर दिया। इसके बाद तो पुलिस को पसीना आने लगा।
सभी सत्ताधारी दल के विधायक पर केस दर्ज करने की मांग करने लगे। समझाते समझाते आजिज आ चुकी पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद मृतक के परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया गया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ। शाम 5 बजे से लगा जाम करीब 6.10 बजे समाप्त हुआ। परिजन शव को लेकर गांव की ओर रवाना हुए। चेतावनी दिए कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो फिर आन्दोलन होगा।
जितेंद्र हत्याकांड : छह पर केस, दो गिरफ्तार
महुअवां गांव के पास सोमवार को हुई वारदात।
- फोटो : अमर उजाला
हरैया बरगदवां निवासी जिला पंचायत सदस्य अमरावती देवी के बेटे जितेंद्र यादव की सोमवार को हुई हत्या के मामले में पत्नी बबिता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
फरेंदा क्षेत्र के वार्ड नंबर 28 की जिला पंचायत सदस्य के तीसरे नंबर के पुत्र जितेंद्र यादव की महुअवां गांव के बाहर महदेवा से वापस घर लौटते समय बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पत्नी ने हत्या के पीछे मुख्य वजह पुरानी रंजिश बताते हुए गांव के छह लोगों को आरोपी बनाया है। एसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि हरैया बरगदवां निवासी रामवृक्ष, महावीर, दीनानाथ व रामकेश सहित दो अज्ञात के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर रामवृक्ष एवं महावीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है। घटना के बाद से गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दिया गया है।
-------------
दहशत में हरैया गांव के लोग
फरेंदा। हरैया गांव के जितेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या करने के बाद पूूरा क्षेत्र स्तब्ध है। दो माह के भीतर लगातार दो बार गोली मारने की घटना से लोगों में दहशत है। गांव के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। परिवार में महिलाओं व पुरुषों की चीख पुकार से पूरा गांव गमगीन है। परिजन पुलिस की कार्यप्रणाली को दोषी ठहरा रहे हैं। अमरावती देवी बेटे की मौत के बाद पूरी तरह से टूट गईं हैं। वह दहाड़ मारकर रोते हुई बेटे का नाम लेकर बेसुध हो जा रहीं हैं। मां ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जितेंद्र के दो भाई गुजरात में काम करते हैं। मौत की सूचना पाकर वह घर के लिए निकल पड़े हैं।