गोरखपुर। महेसरा गांव में रविवार दोपहर तंत्र-मंत्र को लेकर पट्टीदारों के बीच हुई मारपीट में छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद दोनों पक्ष की तहरीर पर मारपीट का केस दर्ज किया है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार महेसरा गांव के रहने वाले रामअवध की पत्नी ज्ञानमति पर पट्टीदार बृजेश के घरवाले तंत्र-मंत्र करने का आरोप लगा रहे थे।
इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम ज्ञानमति की तहरीर पर बृजेश, सुनील और उनकी मां फूलमति और बृजेश की तहरीर पर ज्ञानमति उनके बेटे रोहित, विजय पर मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज किया। एसओ चिलुआताल रामपाल यादव ने बताया तंत्र-मंत्र के विवाद में दोनों पक्ष के लोगों ने मारपीट की थी। कोई गंभीर रुप से घायल नहीं है। केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।