शाहपुर इलाके में रविवार सुबह एक शव मिला। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शव की पहचान जेल बाईपास पर स्थित एक ढाबे के बावर्ची के रूप में हुई। मृत मिले शख्स का मोबाइल फोन और साइकिल गायब है, जिस वजह से घरवाले हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जेल बाईपास पर फातिमा अस्पताल के सामने शाकाहारी भोजनालय के नाम से ढाबा है। ढाबे पर करीब चार माह से पिपराइच के तुलसीदेउर गांव के रुदल प्रजापति भोजन पकाने का काम करते थे। शनिवार देर शाम ढाबा मालिक भोला से कुछ देर में लौट आने की बात कहकर वह कहीं चले गए। रविवार सुबह शव देखकर मॉर्निग वॉक कर रहे लोग वहीं जुटने लगे। नाइट ड्यूटी से घर लौट रहे अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड ने सड़क पर भीड़ देखी और पास जाकर शव देखा। उन्होंने उसकी पहचान कर ली। गार्ड ने ढाबा मालिक को रुदल के शव मिलने की सूचना दी।
सूचना पाकर पत्नी मालती भी मौके पर पहुंच गई। साइकिल और मोबाइल फोन नहीं मिलने पर मालती ने पति की हत्या की आशंका जताई है। ढाबे के दूसरे बावर्ची कुशीनगर, सेवरहीं, धर्मपुर निवासी छोटेलाल ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर एक बजे दोनों बाइक से रजाई लेने रुदल के गांव गए थे। वहां उसके गांव के रुपेश ने दोनों को देसी शराब पिलाई थी। शाम करीब सात बजे रुदल अकेले ही अपनी साइकिल लेकर कहीं चला गया था।
मामले की जांच कराई जा रही है। वह नशे का आदी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत की वजह सामने आ जाएगी, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- हेमराज मीणा, एसपी सिटी