कौआबाग रेलवे क्रासिंग के पास गुरुवार की सुबह नाले में युवक की लाश मिली। मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने नजर पड़ने पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। परिवार के लोगों ने शव की शिनाख्त करने के साथ ही हत्या की आशंका जताई है। मृत युवक गोरखनाथ चिकित्सालय में एंबुलेंस कर्मचारी था।
जंगल तुलसीराम बिछिया के रहने वाले शिवकुमार (35) दो दिन पहले वह घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले तबसे ही लापता थे। बुधवार की सुबह तक घर न लौटने पर परिवार के लोगों ने मोबाइल पर कॉल की तो वह बंद मिला। परेशान परिवार के लोग खोजबीन में जुटे थे। इस बीच गुरुवार की सुबह आठ बजे मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने कौआबाग के पास नाले में एक युवक की लाश देखी और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव बाहर निकलवाया। जानकारी के बाद पहुंचे शिवकुमार के बेटे रवि कुमार ने उनकी पहचान कर ली। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज छानबीन कर रही है।
बेटे को डॉक्टर को बनाना चाहते थे
शिवकुमार का इकलौता बेटा रवि (16) एनई रेलवे इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। उसने पुलिस को बताया कि कभी-कभी मरीज को लेकर बाहर जाने के कारण पिता एक-दिन बाद आते थे। मंगलवार की सुबह ड्यूटी पर जाने के बाद जब वह रात में नहीं आए तो इसी अंदेशा में किसी ने उन्हें फोन नहीं किया। बुधवार की सुबह तक कुछ पता न चलने पर चिंता हुई। खोजबीन करने पर भी उनका कुछ पता नहीं चल रहा था। मोबाइल भी बंद था। रवि ने बताया कि पिता उसे डॉक्टर बनाना चाहते थे।