गगहा के हाटा बाजार में ट्रक ने एक बालक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने पीछा कर पटना चौक के पास ट्रक को पकड़ लिया। चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हाटा बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक गगहा इलाके के जमीनी भीटी गांव निवासी रियाज का दस वर्षीय पुत्र बदरुजमा बाजार गया था। वह अपने दोस्त की साइकिल पर पीछे बैठा था। लौटते वक्त पीछे से आ रहे ट्रक ने साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। पहिये के नीचे आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा मगर लोगों ने उसका पीछा किया और पटना चौक के पास उसे पकड़ लिया। लोगों ने चालक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद बदरुजमा के घर में कोहराम मच गया।
बाइक के धक्के से बुजुर्ग की मौत
खोराबार के जगदीशपुर कस्बे के समीप फोरलेन पर बाइक के धक्के से झीन्नू (60) की मौत हो गई। मठिया बुजुर्ग के झीन्नू सुबह फोरलेन पर टहलने गए थे। इसी दौरान वह कस्बे की ओर से आ रही बाइक की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बेकाबू कार ने पांच छात्रों को किया जख्मी
यूनिवर्सिटी चौक के पास नशे में धुत एक चालक की बेकाबू कार ने पांच छात्रों को जख्मी कर दिया। हादसे के बाद कार लेकर भागने के चक्कर में उसने अन्य गाड़ियों में भी टक्कर मार दी। इससे गुस्साए लोगों ने पीछा कर कार रुकवा लिया और चालक की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने जख्मी छात्रों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। कैंट इलाके के रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम की ओर से यूनिवर्सिटी चौकी की ओर तेज रफ्तार में एक कार आ रही थी। चौराहे के पास पहुंचते ही वह अनियंत्रित हो गई और पांच छात्रों को टक्कर मार दी, जिससे शाहपुर के नंदानगर के आजाद अली अंसारी, पादरी बाजार के सुगम, रुस्तमपुर के नितिन शुक्ला, पिपराइच के ओमकार मणि त्रिपाठी समेत पांच छात्रों को चोटें आई हैं। कार ठोकर मारकर भाग रही थी कि आगे दो और कारों में टक्कर मार दी। चालक ने अपना नाम हिमांशु बताया है, नशे में होने की वजह से वह कई पतों को अपना बता रहा है।