गोला क्षेत्र के कोल्ड स्टोरेज के पास ऑटो सवार एक महिला के गले से सोने की चेन ऑटो सवार महिला ने ही उड़ा दी। पीड़िता की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने जब ऑटो सवार यात्रियों की तलाशी ली तभी एक महिला भागने का प्रयास करने लगी। पुलिस ने उसे दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने गलती स्वीकार कर ली और चेन लौटा दी।
गोला बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक मन्नीपुर सहड़ौली गांव की विमला राय गोला बाजार में खरीदारी करने गई थीं। बाजार से वह ऑटो में सवार होकर घर लौट रही थीं। रास्ते में कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचने पर ऑटो में ही किसी ने उनकी चेन उड़ा ली। महिला को जैसे ही चेन गायब होने का आभास तो हुआ उन्होंने तत्काल इसकी सूचना सौ नंबर पर दी। मौके पर पहुंचे दरोगा उग्रसेन यादव व सिपाही दिलीप यात्रियों से पूछताछ कर ही रहे थे कि ऑटो में बैठी एक अन्य महिला भागने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। थाने ले जाकर पूछताछ करने पर महिला ने गलती कबूल कर ली और चेन लौटा दी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। थाने पहुंचे पीड़ित महिला के पुत्र अनूप राय ने पुलिस के त्वरित कार्रवाई की सराहना की।