कैंट थाना क्षेत्र के अग्रसेन चौराहे के समीप बैंक जा रही महिला कर्मचारी को तमंचे से आतंकित कर बदमाशों ने सोने की चेन, बाली और पर्स लूट लिए। महिला के शोर मचाने पर जब तक लोग जुटते, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। बीच चौराहे पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोग हक्का-बक्का रह गए। महिला की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
गोरखनाथ थाना क्षेत्र की राजेंद्रनगर निवासी सुमित्रा देवी अर्बन सीलिंग आफिस में कर्मचारी हैं। वह बुधवार को किसी काम से बैंक रोड जा रही थीं। सुमित्रा के मुताबिक टाउनहाल के पास से ही बाइक सवार दो बदमाश उनका पीछा कर रहे थे मगर वह समझ नहीं पाईं। पैदल जा रहीं सुमित्रा को अग्रसेन चौराहे से पहले ही बदमाशों ने रोक लिया और तमंचे से आतंकित कर सोने की चेन, बाली और पर्स लूट लिए।
पर्स में 1300 रुपये थे। परेशान महिला कर्मचारी ने आफिस पहुंचकर अपने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद महिला ने तहरीर दी। कैंट प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।